इगास-बग्वाल (बूढ़ी दिवाली) पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली मसूरी झील तक सांस्कृतिक जागरूकता साइकिल राइड
देहरादून
उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण और युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से इगास बग्वाल (बूढ़ी दिवाली) के पावन अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा प्रेमनगर से मसूरी झील तक 60किलोमीटर लंबी विशेष साइकिल राइड का आयोजन किया गया।
राइड प्रातः 5:30 बजे प्रेमनगर से प्रारंभ हुई। साइकिल सवारों ने पंडितवाड़ी, बल्लूपुर, गढ़ी कैंट, सप्लाई चौक, रॉबर्स केव, मसूरी रोड, शिव मंदिर एवं मसूरी टोल होते हुए मसूरी झील तक का सफर तय किया। इसके पश्चात सभी साइकिलिस्ट वापस देहरादून लौटे।
इस राइड का नेतृत्व क्लब के वरिष्ठ साइकिलिस्ट श्री सुरेंद्र कुमार एवं श्री जयन्ती प्रसाद गौड़ ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ साइकिलिस्ट सुरेंद्र कुमार ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। इन्हें संरक्षित करना और युवा पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। साइकिल राइड के माध्यम से हम स्वस्थ जीवनशैली के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता का संदेश भी दे रहे हैं।
वहीं वरिष्ठ साइकिलिस्ट जयन्ती प्रसाद गौड़ ने इगास पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में दीपावली के लगभग 11 दिन बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को इगास बग्वाल मनाई जाती है, जिसे बूढ़ी दिवाली भी कहा जाता है। एक लोकमान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम के लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने का समाचार पहाड़ों में 11 दिन बाद पहुंचा था, जिसके चलते यहां लोगों ने दीपावली का उत्सव बाद में मनाया। एक अन्य मान्यता वीर माधो सिंह भंडारी और उनकी सेना की विजय एवं घर वापसी से भी जुड़ी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी लोक परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
क्लब अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने वरिष्ठ साइकिलिस्टों एवं युवा टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि क्लब के वरिष्ठ सदस्यों का अनुभव और युवाओं का उत्साह सराहनीय है। इगास जैसे पारंपरिक पर्व पर इस प्रकार की साइकिल राइड आयोजित करना समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ उत्तराखंड की संस्कृति, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक एकता को बढ़ावा देने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि देहरादून साइक्लिंग क्लब भविष्य में भी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आयोजनों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाता रहेगा।
इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार, जयन्ती प्रसाद गौड़, हरिसिमरन सिंह, रिकी गोस्वामी, प्रणय पंत, आर्यन चौहान, आदर्श रावत, चित्रांग, अनमोल, मोहम्मद हारिस, आरती, वैभव रंजन, वेदांश थापा, नमन रौतेला सहित क्लब के अनेक वरिष्ठ एवं युवा साइकिलिस्ट उपस्थित रहे।
देहरादून साइक्लिंग क्लब ने इस आयोजन के माध्यम से संदेश दिया कि अपनी संस्कृति से जुड़कर, स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर और सामूहिक प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।


