प्रेम नगर
प्रेमनगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहित ग्रोवर के नेतृत्व में उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) के उपखंड अधिकारी (SDO), प्रेमनगर को ज्ञापन सौंपकर मानसून के दौरान क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित, सुदृढ़ एवं निर्बाध बनाए रखने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि बरसात के मौसम में जर्जर विद्युत पोल, पुराने बिजली के तार, पेड़ों की बढ़ी हुई शाखाएं तथा विद्युत उपकरणों के रखरखाव में कमी के कारण दुर्घटनाओं एवं विद्युत आपूर्ति बाधित होने की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए समय रहते आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से जर्जर पोल एवं पुराने तारों का सर्वे कर उनके प्रतिस्थापन, विद्युत लाइनों के संपर्क में आने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई, ट्रांसफार्मरों का तकनीकी निरीक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन फॉल्ट निस्तारण हेतु पर्याप्त तकनीकी टीमों की उपलब्धता, लो-वोल्टेज एवं बार-बार बाधित होने वाली विद्युत आपूर्ति का स्थायी समाधान तथा नए विद्युत कनेक्शनों में मीटरों की कमी दूर कर समयबद्ध कनेक्शन जारी करने की मांग की गई।
इस अवसर पर मोहित ग्रोवर ने कहा कि मानसून के दौरान जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो आम जनता को अनावश्यक परेशानियों एवं दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने यूपीसीएल से जनहित में सभी मांगों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
उत्तराखंड युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव सुमित खन्ना ने कहा कि प्रेमनगर क्षेत्र में कई स्थानों पर जर्जर पोल, पुराने तार एवं लो-वोल्टेज की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। साथ ही नए विद्युत कनेक्शनों में मीटरों की कमी के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक विलंब और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए यूपीसीएल को इन समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए, जिससे मानसून के दौरान लोगों को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति मिल सके।
ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा ने कहा कि प्रेमनगर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। मानसून के दौरान छोटी-छोटी लापरवाहियां भी बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं, इसलिए विभाग को पूर्व तैयारी के साथ कार्य करना चाहिए।
कांग्रेस नेता राजीव पुंज ने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मानसून से पूर्व आवश्यक तैयारियां पूरी कर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाना चाहिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस कैंट विधानसभा अध्यक्ष कार्तिक बिरला, तरुण चक्रवर्ती, सरोज भाटिया, आशीष देसाई, सुनील कुमार, राहुल तलवार, कुलदीप नरूला, हरपाल सिंह, हरप्रीत सिंह, अनु शर्मा, राकेश भाटिया, कार्तिक चावला सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



