‘हर काम देश के नाम’
प्रादेशिक सेना (टेरेटोरियल आर्मी ) की 127 इको टास्क फोर्स ने 10000 पौधे लगाए
पौड़ी…..
प्रादेशिक सेना अक्टूबर 2024 में अपनी प्लैटिनम जुबली मनाएगी। इस अवसर को मनाने के लिए, देहरादून स्थित प्रादेशिक सेना की 127 इको टास्क फोर्स ने 17 सितंबर 2024 को देवी डांडा, कसयाली में एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम “एक पेड़ माँ के नाम” का आयोजन किया।
मिश्रित किस्मों के कुल 10000 पौधे लगाए गए। इस कार्यक्रम में कसयाली, खोबरा, बिस्सी, चोपड़ा और बनचुरी गाँव के कुल 250 ग्रामीणों, राजकीय इंटर कॉलेज, बनचुरी के छात्रों और 127 इको टास्क फोर्स के 100 जवानों ने भाग लिया।
प्रतिभागियों को एक पेड़ गोद लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया और उन्हें पर्यावरण स्वास्थ्य को बनाए रखने और जलवायु परिवर्तन से निपटने के महत्व के बारे में भी बताया गया। 127 टीए बटालियन ने कार्यक्रम के बाद प्रतिभागियों के लिए दोपहर के भोजन का भी आयोजन किया था।


