पंजाब
नकली बीजों, खादों और दवाएँ बेचने वालों के खि़लाफ़ सख़्त कार्रवाई के आदेश
कृषि विभाग द्वारा किसानों को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया सैल की स्थापना की जाएगी
खाद, बीज और दवा विक्रेताओं द्वारा किसानों को बिल देना अनिवार्य
चंडीगढ़……..कृषि विभाग का पूर्ण नवीनीकरण और समय का साथी बनाने सम्बन्धी पिछले दिनों मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर हिदायतें जारी की गई थीं। आज इस सम्बन्धी कृषि मंत्री कुलदीप धालीवाल द्वारा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर हिदायतें जारी की गई कि सरकार की हर किसान कल्याण योजना का जमीनी स्तर तक किसानों को लाभ पहुँचाना सुनिश्चित बनाया जाए।
कुलदीप धालीवाल ने कहा कि पंजाब कृषि प्रधान राज्य है, जिसकी 70 प्रतिशत की आबादी कृषि पर निर्भर है। उन्होंने साथ ही कहा राज्य के लोगों की मुख्य बोली और भाषा पंजाबी है, जिस कारण पंजाब सरकार की हिदायतों के अनुसार कृषि विभाग का सारा कामकाज पंजाबी में करना सुनिश्चित बनाया जाए। उन्होंने साथ ही चेतावनी भी दी कि ऐसा ना करने वालों के खि़लाफ़ सख़्त कार्रवाई होगी। मंत्री ने कहा कि केवल केंद्र सरकार के साथ आदान-प्रदान किए जाने वाले पत्र ही अंग्रेज़ी या हिंदी में किए जाएँ। इसके साथ ही मंत्री ने कहा किसानों को जानकारी देने वाले सभी विज्ञापन केवल पंजाबी भाषा में ही दिए जाएँ।
इस मौके पर कृषि मंत्री ने बाज़ार में मिलने वाले नकली बीजों, खादों और दवाओं पर नकेल कसने के लिए आदेश जारी किए और कहा कि ऐसा करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाए और लापरवाही बरतने वाले विभाग के अधिकारियों के खि़लाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाए। कृषि मंत्री ने हिदायतें जारी की कि खाद, बीजों और दवा विक्रेताओं द्वारा किसानों को बिल देना अनिवार्य होगा, ऐसा न करने वाले डीलरों और दुकानदारों के खि़लाफ़ बनती कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों में कृषि विभाग के प्रति भरोसा बहाल करने के लिए किसानों को मानक खादें, बीज और दवाएँ मुहैया करवाने के लिए कृषि विभाग ज़रुरी सख़्त कदम उठाए।
कुलदीप धालीवाल ने कहा आज का दौर सोशल मीडिया का दौर है और कृषि विभाग किसानों को कल्याण योजनाओं, मानक खादें, बीज और दवाएँ एवं फसलों सम्बन्धी और जानकारी देने के लिए सोशल मीडिया सैल की स्थापना तुरंत करे।


